Ranchi: राजधानी के बुड़मू थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 23 वर्षीय शादीशुदा महिला ने अपने ही गांव के एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी, बार-बार जबरन शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसे वायरल कर सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि स्थानीय पुलिस इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उस पर समझौते का अनैतिक दबाव बना रही है। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलता देख पीड़िता ने अब एसएसपी, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) और पुलिस महानिदेशक (DGP) से गुहार लगाई है।
घर में अकेला पाकर जबरदस्ती और धमकी
पीड़िता समा प्रवीन (पति सहबाज अंसारी), जो बारी पतरा बुढ़मू की निवासी हैं, द्वारा वरीय अधिकारियों को दिए गए आवेदन के अनुसार, उनके गांव का ही रहने वाला जहरूद्दीन अंसारी (पिता यूसुफ अंसारी) वर्ष 2023 से ही उन्हें बहला-फुसलाकर बातचीत करने की कोशिश करता था। एक दिन पीड़िता को घर में अकेला पाकर आरोपी जबरन घर में घुस आया और उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरकर पीड़िता ने यह बात अपने परिजनों से छुपाए रखी।
वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, मना करने पर सोशल मीडिया में कर दिया वायरल
आरोप है कि लगभग एक महीने पहले आरोपी दोबारा महिला के घर में घुसा और आपत्तिजनक वीडियो होने की बात कहकर फिर से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर फिर दुष्कर्म किया और मुंह बंद रखने की सख्त हिदायत दी। इसके बाद भी जब आरोपी लगातार प्रताड़ित करता रहा और महिला ने उसकी बात मानने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने साजिश के तहत बनाए गए अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
‘थाना मेरी मुट्ठी में है’-आरोपी के हौसले बुलंद
घटना से त्रस्त आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने पति को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद 17 अगस्त 2026 को बुड़मू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई (केस संख्या 51/26)। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद बुड़मू थाना प्रभारी आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय उल्टा पीड़िता पर ही केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। आरोपी खुलेआम पीड़िता और उसके रिश्तेदारों के बीच अनर्गल बातें कर उसकी छवि खराब कर रहा है और यह कहकर धौंस जमा रहा है कि “थाना मेरी मुट्ठी में है, केस दर्ज कराने के बाद भी मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सका और न ही आगे बिगाड़ पाएगा”।
पीड़िता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उस पर पूर्व में भी दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है, जिसे उसने अपनी पहुंच और पैसे के बल पर रफा-दफा करवा लिया था। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
हांलाकि इस बाबत बुड़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा का कहना है कि मामले पर पुलिस ने संज्ञान लिया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है, जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा। ऐसे मामलों पर पुलिस सुस्त नहीं है, महिला सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।



