पश्चिमी सिंहभूम: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त (DC) मनीष कुमार ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची सही, पारदर्शी और अपडेट होनी चाहिए, ताकि चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराया जा सके। निर्वाचन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को DC जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित BLO-BLA-2 की पांचवीं बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विशेष पुनरीक्षण के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार समेत कई अधिकारी और निर्वाचन कर्मी मौजूद रहे।
सुनवाई और नए मतदाताओं के पंजीकरण की समीक्षा
बैठक में DC ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत जारी नोटिस पर हो रही सुनवाई की जानकारी ली। इसके साथ ही नए मतदाताओं के पंजीकरण, निर्वाचन प्रपत्रों के निष्पादन और सुनवाई से जुड़े आदेशों को डिजिटल करने के काम की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम और अन्य जानकारियों में सुधार करने से जुड़े आवेदनों का समय पर निपटारा किया जाए। साथ ही सुनवाई की रिपोर्ट और आदेशों को निर्धारित समय सीमा के भीतर डिजिटल करने को कहा।
पांच मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद DC ने मतदान केंद्र संख्या 133, 135, 136, 137 और 138 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली और निर्वाचन कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए।
BLO और BLA के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
DC मनीष कुमार ने BLO और BLA के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। वहीं, गलत और अपात्र प्रविष्टियों को नियमों के अनुसार हटाया जाए या उनमें सुधार किया जाए।
उन्होंने सभी निर्वाचन कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने की अपील की।





