Ranchi: राजधानी में पार्किंग स्थलों पर मनमानी वसूली, अनियमितताओं और निगम के बकाए राजस्व को लेकर रांची नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शहर के कुल 54 पार्किंग स्थलों की निगरानी तेज करते हुए निगम ने बकाएदार संवेदकों (ठेकेदारों) को 10 दिनों के भीतर बकाया राशि चुकाने की अंतिम मोहलत दी है। साफ चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा में भुगतान नहीं होने पर संबंधित पार्किंग का ठेका तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा।
13 अक्टूबर 2026 को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में बाजार शाखा और पार्किंग संवेदकों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सामने आया कि कांके रोड (एजॉर्ट व पैंटालूंस के सामने), जयपाल सिंह स्टेडियम, विशाल मेगा मार्ट, रोशपा टावर, मधुकम तथा गैलेक्सिया मॉल स्थित पार्किंग स्थलों के संवेदकों ने निगम का बड़ा बकाया दबा रखा है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी को 10 दिनों के भीतर पूरा बकाया जमा करने का सख्त निर्देश दिया गया।
अपर नगर आयुक्त ने खुद जमीन पर उतरकर किया औचक निरीक्षण
बैठक खत्म होते ही अपर नगर आयुक्त अधिकारियों की टीम के साथ सीधे जमीन पर उतरे। उन्होंने मेन रोड स्थित डेली मार्केट टैक्सी स्टैंड, चर्च कॉम्प्लेक्स, रोशपा टावर और जयपाल सिंह स्टेडियम के बाहर संचालित पार्किंग स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पर्ची काटने की व्यवस्था, तय दरों की वसूली और नियमों के पालन की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने ठेकेदारों को हिदायत दी कि आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार हो और हर स्थल पर बड़े अक्षरों में शुल्क व ठेकेदार के विवरण वाला सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए।
यह है पार्किंग की आधिकारिक दरें और राहत:
- दोपहिया वाहन: ₹10 प्रति 3 घंटे
- चारपहिया वाहन: ₹30 प्रति 3 घंटे
- 10 मिनट तक ठहराव: पूरी तरह निःशुल्क (नो चार्ज)
- वीकेंड व राष्ट्रीय अवकाश: शनिवार, रविवार और राष्ट्रीय छुट्टियों के दिन तय दरों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी।
अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि तय रेट से ज्यादा वसूली, फर्जी पर्ची या अवैध वेंडिंग को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण के लिए रोस्टर बनाने का निर्देश दिया गया है ताकि जनता को परेशानी न हो।





