फॉण्ट कनवर्टर NEW

नेपाल में बाढ़ के बाद किसानों के लिए अलर्ट, जानें कृषि मंत्री ने क्या कहा

नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद संभावित जलप्रवाह को देखते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सीमावर्ती और गंडक क्षेत्र के जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार में संभावित जलप्रवाह और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग अलर्ट हो गया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और नेपाल की सीमा से लगे जिलों के साथ गंडक नदी के प्रवाह क्षेत्र में लगातार स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि संभावित बाढ़ की स्थिति में किसानों की फसल, कृषि परिसंपत्तियों और आजीविका की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है।

Read more: बिहार में मिलेट्स क्रांति: हैदराबाद ICRISAT पहुंचे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा

गंडक समेत सीमावर्ती जिलों में लगातार निगरानी

नेपाल में बाढ़ के बाद गंडक सहित अन्य नदियों के जलस्तर में बदलाव की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि वे केवल कार्यालय से स्थिति की समीक्षा न करें, बल्कि प्रभावित या संभावित प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा करें और जमीनी स्थिति की जानकारी लें।

किसानों को समय पर मिलेगी बाढ़ की सूचना

कृषि मंत्री ने निर्देश दिया है कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल और कृषि परिसंपत्तियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। किसानों को समय रहते जरूरी सावधानियों और उपलब्ध सरकारी सहायता की जानकारी देने को भी कहा गया है। बाढ़ की स्थिति बनने पर किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान और जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

बीज, उर्वरक और कृषि यंत्र सुरक्षित रखने के निर्देश

विभागीय अधिकारियों को कृषि यंत्र, बीज, उर्वरक समेत किसानों से जुड़े जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, यदि बाढ़ के कारण फसल को नुकसान होता है तो उसका जल्द आकलन कर विभाग को समय पर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है। इससे प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।

प्रशासन और जल संसाधन विभाग से समन्वय पर जोर

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन, जल संसाधन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा है। नेपाल से आने वाली किसी भी सूचना या नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी को गंभीरता से लेने और बिना देरी के जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है।

किसानों की समस्याएं सुनें अधिकारी

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि संकट की घड़ी में किसानों को अकेला महसूस नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से लगातार स्थलीय निरीक्षण करने, किसानों की समस्याएं सुनने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा का सामना केवल प्रशासनिक व्यवस्था से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, तत्परता और सामूहिक प्रयास से किया जाता है। बाढ़ की स्थिति में एक-एक किसान की चिंता सरकार की चिंता है और कृषि विभाग के हर पदाधिकारी को किसानों के साथ खड़ा रहना चाहिए।

Read more: अशोकधाम भगदड़ पर बोले मंत्री विजय सिन्हा, जांच के बाद होगी कार्रवाई

सरकार की स्थिति पर लगातार नजर

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसानों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सतर्कता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ काम करने को कहा। किसान किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए किसान कॉल सेंटर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram