फॉण्ट कनवर्टर NEW

वीडियो कॉल पर पिटाई देख घबराए नहीं परिजन, एक तरकीब और यूपी में धरे गए 4 बदमाश

मुजफ्फरपुर के मुर्गी दाना कारोबारी को अगवा कर यूपी ले गए थे बदमाश, परिजनों की होशियारी और पुलिस के त्वरित एक्शन से 8 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार।

अपनी भाषा में पढ़ें

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार के अपहरण मामले को पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। कार सवार बदमाशों ने मिठनपुरा थाना क्षेत्र की मिसकॉट गली से कारोबारी का अपहरण किया और उन्हें उत्तर प्रदेश के बलिया ले गए। वहां एक खंडहरनुमा मकान में बंधक बनाकर परिजनों से ₹10 लाख की फिरौती मांगी गई। मुजफ्फरपुर और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कारोबारी को सकुशल मुक्त करा लिया गया है, वहीं मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

परिजनों को वीडियो कॉल पर दिखाई पिटाई, मांगी ₹10 लाख फिरौती

अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित के परिजनों पर दबाव बनाने के लिए वीडियो कॉल का सहारा लिया। कॉल के दौरान बदमाशों ने चंदन कुमार की पिटाई करते हुए ₹10 लाख की रंगदारी मांगी।

परिजनों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और दूसरे मोबाइल फोन से पूरी वीडियो कॉल को रिकॉर्ड कर लिया। इसके तुरंत बाद परिजनों ने मुजफ्फरपुर पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी और वीडियो साक्ष्य पुलिस को सौंपे।

8 घंटे में यूपी के बलिया में पुलिस की दबिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पूरे ऑपरेशन की कमान सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने संभाली।

पुलिस टीम ने मानवीय इनपुट के साथ तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू की, जिससे आरोपियों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में ट्रेस हुई। मुजफ्फरपुर पुलिस ने तत्काल यूपी पुलिस से समन्वय स्थापित किया और हल्दी थाना क्षेत्र स्थित एक खंडहरनुमा मकान की घेराबंदी कर कारोबारी को सुरक्षित बाहर निकाला।

चार अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, ऑल्टो कार और 4 मोबाइल बरामद

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • सूरज कुमार उर्फ सूरजभान सिंह: सराय, वैशाली

  • रौशन कुमार: दिघवारा, सारण

  • गौरव सिंह: पनकी (कानपुर), उत्तर प्रदेश

  • अभिषेक कुमार: बंगरा, समस्तीपुर

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति ऑल्टो कार और 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

रंगदारी वसूलने की थी योजना, जांच जारी

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपियों का मकसद कारोबारी से ₹10 लाख की रंगदारी वसूलना था। फिलहाल पीड़ित और आरोपियों के बीच किसी पुराने विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और साजिश की तह तक पहुंचा जा सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram