रांची: शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची नगर निगम ने शुक्रवार, 21 अगस्त को अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने कचहरी चौक से रातू रोड चौक और परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक से शहीद चौक तक सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाए।
अभियान के दौरान अवैध दुकानों, ठेलों और अन्य सामान को हटाया गया। दो जर्जर भवनों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दो ठेला, टेबल, अवैध विज्ञापन सामग्री समेत कई सामान जब्त किए गए।
नियम तोड़ने वालों पर ₹1.14 लाख का जुर्माना
नगर निगम ने विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों पर कुल ₹1,14,000 का जुर्माना लगाया। इनमें सड़क पर कचरा फेंकना, डस्टबिन नहीं रखना, जमीन पर अतिक्रमण करना और बिना अनुमति विज्ञापन या होर्डिंग लगाना शामिल है।
सैनिक मार्केट और मेन रोड क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों पर अवैध विज्ञापन लगाने के लिए ₹25,000-₹25,000 का जुर्माना लगाया गया।
बिना अनुमति विज्ञापन लगाने पर कार्रवाई
नगर निगम ने बताया कि किसी भी तरह का विज्ञापन या होर्डिंग लगाने के लिए वैध विज्ञापन अनुज्ञप्ति लेना जरूरी है। बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने लोगों और दुकानदारों से सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने और कचरा केवल निगम की कूड़ा गाड़ियों में डालने की अपील की है।




