अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को बुंडू अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेख रखरखाव, सेवा पुस्तिका, आगत-निर्गत पंजी, जनशिकायत निवारण व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित पाया गया, जिस पर उपायुक्त ने तुरंत कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयपालन और अनुशासन सर्वोपरि है तथा कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री भजन्त्री ने निर्देश दिया कि प्रखंड और अंचल कार्यालयों में किसी भी प्रकार के बिचौलियों की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल उन्हीं लोगों को कार्यालय में आने की अनुमति दी जाए जिनका कार्य लंबित है। बिचौलिया पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में सभी अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। सीओ को निर्देशित किया गया कि वे सीआई और अन्य कर्मियों के साथ मिलकर लोगों की राजस्व संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन करें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित नागरिकों से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान का निर्देश दिया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचे। किसी भी पात्र लाभुक के वंचित पाए जाने पर तत्काल निवारण की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने ‘अबुआ ग्रुप’ में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की और नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की स्वच्छता पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में नागरिकों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित वातावरण मिलना चाहिए।
श्री भजन्त्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बुंडू का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने वार्ड, दवा वितरण काउंटर, बिजली-पानी व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने मरीजों को समय पर इलाज और दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने बुंडू थाना और महिला थाना का भी निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं के लिए संवेदनशील और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, एसडीओ किस्टो बेसरा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

