फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

बलिराजगढ़ कांड में ASI की खैर नहीं, गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें मैदान में

मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ की घटना पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है, हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाने का ऐलान किया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Madhubani: मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में घटित घटना को जिला प्रशासन ने बेहद दुखद और गंभीर करार दिया है। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषी के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी, बल्कि कानून के मुताबिक कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम और एसएसपी ने धरना स्थल पर की मुलाकात

मंगलवार को जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक खोजपुर चौराहा स्थित धरना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने धरनारत लोगों और स्थानीय नागरिकों से मिलकर उनकी बातें सुनीं और उनकी चिंताओं को समझा। इस दौरान घटना से मर्माहत एक वृद्ध महिला भावुक होकर जिलाधिकारी को पकड़कर बिलखने लगीं, जिन्हें डीएम ने ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

त्वरित कार्रवाई और एएसआई का निलंबन

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर अस्पताल जाकर पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात की थी और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और उसके विरुद्ध बाबूबरही थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार चल रहे आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को पच्चीस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है।

स्पीडी ट्रायल और आर्थिक सहायता

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की प्रभावी पैरवी करते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी, ताकि दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। इसके अलावा, पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक संबल देने के लिए राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत निर्धारित राशि अविलंब उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए दोहराया है कि सरकार और प्रशासन इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram