Bokaro: सरकारी नौकरियों में कथित गड़बड़ियों और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर बोकारो में बुधवार को सियासत गरमा गई। JPSC, JSSC और CGL से जुड़े मामलों की CBI जांच की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकारी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से होनी चाहिए।मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC से जुड़े कथित घोटाले में झामुमो नेताओं के रिश्तेदार भी शामिल हैं, इसलिए सरकार CID जांच करा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र पूरे मामले की CBI जांच चाहते हैं, ताकि निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई सामने आ सके।मधु कोड़ा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में नौकरियों को मंडी बनाकर सब्जियों की तरह बेचने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फॉरेस्ट ऑफिसर जैसे पदों के लिए 10 से 20 लाख रुपये तक लिए जाने की बातें सामने आ रही हैं।भाजपा ने छात्र आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग करना छात्रों का अधिकार है और उनके खिलाफ दर्ज मामलों पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने सरकार पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए और पूरे मामले की CBI जांच की मांग दोहराई।




