फॉण्ट कनवर्टर NEW

‘खेलो झारखंड 2026-27’: राज्य स्तरीय ओपन सिलेक्शन ट्रायल 12 से 22 अगस्त तक

झारखंड के खिलाड़ियों को नेशनल लेवल का मौका, खेलो झारखंड प्रतियोगिता की तिथियां घोषित, रांची में जुटेंगे राज्यभर के प्रतिभावान छात्र

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड के स्कूली खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन खबर है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची द्वारा 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के चयन के लिए ‘राज्य स्तरीय खुली चयन प्रतियोगिता’ (Open Selection Trial) की तिथियों का ऐलान कर दिया गया है।
यह प्रतिष्ठित आयोजन राजधानी रांची के विभिन्न खेल परिसरों और स्टेडियमों में 12 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसमें राज्य के सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे।

विभिन्न खेलों का शेड्यूल और आयोजन स्थल

प्रतियोगिता का आयोजन रांची के खेलगाँव परिसर (मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स), मोराबादी और रेलवे ग्राउंड जैसे प्रमुख खेल स्थलों पर किया जाएगा:
  • 12 अगस्त 2026:
    • गणपत राय इंडोर स्टेडियम (खेलगांव): कुश्ती (अंडर-14/17/19 बॉयज फ्री स्टाइल एवं अंडर-17/19 ग्रीको रोमन), जिम्नास्टिक
    • बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम: योगासन (वीआईपी हॉल) तथा वेटलिफ्टिंग हॉल में भारोत्तोलन
    • ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम: वुशू (अंडर-17/19 बालक एवं बालिका)
    • हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम: हैंडबॉल एवं बास्केटबॉल (अंडर-14/17/19 बालिका)
    • अन्य खेल स्थल: स्वीमिंग स्टेडियम में तैराकी, खेलगांव में टेबल टेनिस, प्रैक्टिस ग्राउंड में सॉफ्टबॉल एवं खो-खो, वेलोड्रम स्टेडियम में साइकिलिंग
  • 13 अगस्त 2026:
    • रेलवे ग्राउंड, रांची: क्रिकेट (अंडर-17/19 बालिका)
    • गणपत राय इंडोर स्टेडियम: गतका एवं कुश्ती (अंडर-14/17/19 बालिका)
    • हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम: नेटबॉल एवं बास्केटबॉल (अंडर-14/17/19 बालक)
    • ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम: सेपक टकरा एवं बैडमिंटन (बालक वर्ग)
  • 14 अगस्त 2026:
    • रेलवे ग्राउंड: क्रिकेट (अंडर-17/19 बालक)
    • ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम: बैडमिंटन (बालिका वर्ग)
    • प्रशासनिक भवन खेलगांव: बॉक्सिंग
    • गणपत राय इंडोर स्टेडियम: जूडो
    • हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम: वॉलीबॉल
    • शूटिंग रेंज-3: तीरंदाजी (इंडियन राउंड)
  • 18 एवं 19 अगस्त 2026:
    • 18 अगस्त: गणपत राय इंडोर स्टेडियम में ताइक्वांडो (बालिका) तथा बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोराबादी में एथलेटिक्स (बालिका वर्ग)
    • 19 अगस्त: हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में कबड्डी, शूटिंग रेंज-1 में राइफल शूटिंग, शूटिंग रेंज-3 में रिकर्व तीरंदाजी, गणपत राय इंडोर स्टेडियम में ताइक्वांडो (बालक) तथा मोराबादी स्टेडियम में एथलेटिक्स (बालक वर्ग)। इसके अलावा खेलगाँव रोड पर स्केटिंग का आयोजन होगा।
  • 21 एवं 22 अगस्त 2026:
    • 21 अगस्त: शतरंज (अंडर-14/17/19), फुटबॉल (अंडर-14 मंदिर मैदान व अंडर-19 खेलगाँव – बालिका) और हॉकी (अंडर-14 बरियातू व अंडर-19 एस्ट्रोटर्फ मोराबादी – बालक)
    • 22 अगस्त: फुटबॉल (अंडर-14 व अंडर-19 – बालक) तथा हॉकी (अंडर-14 व अंडर-19 – बालिका)

प्रतिभागियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश और पात्रता

प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षकों (DSE) को जारी निर्देश पत्र के अनुसार:
  1. पात्रता: खिलाड़ी की आयु 10 से 19 वर्ष के बीच होनी चाहिए (अंडर-11, 14, 17 व 19 श्रेणी हेतु निर्धारित जन्मतिथि)। प्रतिभागी का झारखंड के किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड के स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक का नियमित छात्र होना अनिवार्य है। 12वीं पास कर चुके विद्यार्थी योग्य नहीं होंगे।
  2. आवश्यक दस्तावेज: पंजीयन (Registration) के समय विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा सत्यापित फोटो युक्त एलिजिबिलिटी फॉर्म (Eligibility Form), जन्म प्रमाण पत्र (कम से कम 5 वर्ष पुराना), अंतिम शैक्षणिक वर्ष का रिपोर्ट कार्ड और अन्य डाक्यूमेंट्स की मूल प्रतियां (Verification के लिए) तथा दो-दो छायाप्रतियां लाना अनिवार्य होगा।
  3. रिपोर्टिंग टाइम: सभी खिलाड़ियों को अपने खेल की निर्धारित तिथि पर सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे के बीच रजिस्ट्रेशन कराना होगा। दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में एंट्री नहीं मिलेगी।
  4. सुविधाएं: आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए दोपहर के भोजन (Lunch) की व्यवस्था रहेगी, लेकिन कोई यात्रा भत्ता (TA) देय नहीं होगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram