Ramgarh: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन जी के निधन के बाद उनके पैतृक गांव नेमरा में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को सोशल जस्टिस लीगल हेल्पलाइन के निदेशक तथा झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता-सह-सामाजिक कार्यकर्ता कौशल किशोर नेमरा पहुंचे।
वहां पहुंचकर उन्होंने दिवंगत माता रूपी सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके उपरांत उन्होंने शोकाकुल मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जी से आत्मीय मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया।
शोक व्यक्त करते हुए अधिवक्ता कौशल किशोर ने कहा कि माँ का स्नेह, त्याग और वात्सल्य पूरे परिवार के लिए एक अनमोल पूंजी और मजबूत संबल होता है। माँ का जाना जीवन की सबसे अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी रूप में संभव नहीं है। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री जी एवं पूरे सोरेन परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने का संबल और धैर्य प्रदान करें।




