Ranchi: धुर्वा स्थित जेएससीए (JSCA) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 9 अक्टूबर 2026 को होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज द्वितीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के भव्य, सुरक्षित और सुचारू आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मैच के दौरान ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन में कोई ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि दोपहर 3 बजे स्टेडियम के प्रवेश द्वार खुलने से पहले बिना टिकट वाले प्रशंसकों को परिसर के आसपास जुटने न दिया जाए, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या भगदड़ की स्थिति न बने।
दर्शकों के प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं, जहां कतारबद्ध तरीके से ही एंट्री मिलेगी। जिला प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए समय से पहले पहुंचकर कतार में लग जाएं और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु साथ न लाएं।
बैठक में सीनियर एसपी राकेश रंजन, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण के साथ जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे। अधिकारियों को जेएससीए पदाधिकारियों के साथ मिलकर बेहतर समन्वय से काम करने को कहा गया है, ताकि रांची की अंतरराष्ट्रीय छवि और मजबूत हो सके।




