Ranchi : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को रांची में आयोजित “सरदार @150 पदयात्रा” (यूनिटी मार्च–एक भारत, आत्मनिर्भर भारत) में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता और एकजुटता का संदेश दिया। यह पदयात्रा राजभवन के मुख्य द्वार से ओटीसी ग्राउंड तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स-गाइड्स और विभिन्न संस्थानों के युवा शामिल हुए।
राज्यपाल ने पदयात्रा में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभावना और जिम्मेदारी बोध जगाने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया, जो भारतीय इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है कि “एकता ही हमारी सर्वोच्च शक्ति है।”
राज्यपाल ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माई भारत द्वारा जयंती वर्ष को जन-आंदोलन का रूप देने की पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि देशभर में आयोजित पदयात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, “एक था सरदार” पॉडकास्ट, राष्ट्रीय रील प्रतियोगिता, निबंध और क्विज़ प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति और कर्तव्य भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि आज के युवा राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा हैं और विकसित भारत का भविष्य उनकी एकजुटता और चरित्र पर निर्भर है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” अभियान को देश की एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और कहा कि इसी उद्देश्य से राजभवन में सभी राज्यों के स्थापना दिवस समारोह भी आयोजित किए जाते हैं।
राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन मूल्यों में अपनाएं। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को उन्हें स्टैचू ऑफ यूनिटी स्थल का दौरा करने का अवसर मिला, जहां देश-विदेश से आए लोगों की भावनाओं को देखकर वे अत्यंत प्रेरित हुए।
समारोह के अंत में राज्यपाल ने मौजूद लोगों को स्वदेशी अपनाने और नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सी.पी. सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।





