Headlth Adda: अगर खाना खाते ही आपको तुरंत टॉयलेट भागने की तलब महसूस होती है, तो यह सोचकर बिल्कुल परेशान न हों कि अभी-अभी खाया हुआ भोजन तुरंत बाहर निकल रहा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार भोजन को पूरी तरह पचने और मल में बदलने में कई घंटों का समय लगता है। खाने के तुरंत बाद शौच की इच्छा महसूस होने के पीछे शरीर की एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया काम करती है, जिसे डॉक्टरी भाषा में ‘गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स’ कहा जाता है।
Read more: बारिश में सर्दी-खांसी और बुखार को न करें नजरअंदाज, जानें क्यों
विशेषज्ञों के मुताबिक, जैसे ही खाना पेट में पहुंचता है, दिमाग और पाचन तंत्र को संकेत मिलता है कि पाचन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके जवाब में बड़ी आंत की गतिविधियां तेज हो जाती हैं और पहले से मौजूद पुराना मल आगे की ओर खिसकने लगता है, जिससे व्यक्ति को शौच जाने की इच्छा होती है। इसका मतलब यह कतई नहीं है कि ताजा खाया भोजन बाहर आ रहा है, बल्कि यह पहले से जमा अपशिष्ट के निष्कासन की एक सामान्य प्रक्रिया है।
सुबह का समय और खानपान का असर
वैज्ञानिक अध्ययनों से पता चलता है कि गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स का असर हर इंसान में अलग-अलग होता है। रातभर खाली पेट रहने के बाद जब सुबह भोजन मिलता है, तो पाचन तंत्र अचानक सक्रिय हो जाता है और बड़ी आंत तेजी से काम करने लगती है।
इसके अलावा खानपान की आदतें भी इसे प्रभावित करती हैं:
एक बार में बहुत अधिक या भारी भोजन करना।
ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और ऑयली खाना खाना।
चाय और कॉफी जैसे कैफीनयुक्त पेय पदार्थों का अधिक सेवन करना।
कब कराएं डॉक्टर से जांच?
डॉक्टरों के अनुसार, यदि भोजन के बाद कभी-कभार टॉयलेट जाने की जरूरत पड़े और पेट सामान्य रहे, तो यह चिंता की बात नहीं है। लेकिन यदि इसके साथ पेट में तेज दर्द, ऐंठन, मरोड़, बहुत ज्यादा गैस, पेट फूलना, बार-बार दस्त या कब्ज की शिकायत हो, तो यह इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) का संकेत हो सकता है।
Read more: प्रेगनेंसी में तनाव से बढ़ सकता है मिसकैरेज का खतरा, जानें वजह
इसके अलावा, अगर बिना वजह वजन कम हो रहा हो, मल में खून दिखे या रात में बार-बार उठना पड़े, तो इसे नजरअंदाज किए बिना तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।




