साहिबगंज: नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद बिहार और झारखंड में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। साहिबगंज में भी गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंडक और कोसी नदियों का पानी गंगा में आने से स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
कारगिल दियारा में कई घर जलमग्न
सदर प्रखंड के कारगिल दियारा क्षेत्र में गंगा नदी का कटाव तेज हो गया है। कटाव की वजह से कई घर नदी में समा चुके हैं और दियारा क्षेत्र में पानी भरने लगा है। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।
खतरे के निशान से ऊपर गंगा
गुरुवार सुबह 6 बजे साहिबगंज में गंगा का जलस्तर 27.85 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 27.25 मीटर से 58 सेंटीमीटर ऊपर है। गंगा के बहाव में थोड़ी कमी आई है, लेकिन नेपाल से बिहार की ओर आ रहे पानी के कारण साहिबगंज और आसपास के इलाकों पर असर पड़ने की आशंका है।
प्रशासन ने बनाए राहत केंद्र
जिला प्रशासन ने दियारा क्षेत्रों में राहत केंद्र बनाए हैं। यहां प्रभावित लोगों और मवेशियों के लिए भोजन, पानी और दवाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही है।
सदर एसडीओ अमर जान आइंद ने बताया कि दियारा क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों से सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाने की अपील की जा रही है।




