जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर अपार्टमेंट के बेसमेंट में जा घुसी। तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार को टक्कर मारी और फिर अपार्टमेंट का मुख्य गेट तोड़ते हुए पार्किंग में पहुंच गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दोनों कारों और अपार्टमेंट के गेट को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी मुन्ना सफेद कार (जेएच-22-जी-7727) से बाराद्वारी स्थित एक अपार्टमेंट में किसी को लेने आया था। इसी दौरान कार आगे बढ़ाते समय अचानक एक्सीलेटर दब गया, जिससे वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। कार ने दुर्गापूजा मैदान के पास खड़ी लाल रंग की कार (जेएच-05-बीएच-9605) में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से खड़ी कार के दोनों दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए।
इसके बाद चालक ने कार को पीछे करने की कोशिश की। इस दौरान वाहन की रफ्तार तेज हो गई और वह अपार्टमेंट का मुख्य गेट तोड़ते हुए बेसमेंट पार्किंग में जा घुसा। हादसे में गेट का निचला हिस्सा टूट गया और गैरेज को भी नुकसान पहुंचा। सफेद कार भी आगे और पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई।
सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के समय अपार्टमेंट का सुरक्षा गार्ड गेट के पास मौजूद था। उसने बताया कि बारिश के कारण वह अपनी सामान्य जगह से थोड़ा अंदर हटकर बैठा था। इसी वजह से वह कार की चपेट में आने से बच गया। सामान्य दिनों में वह गेट के बिल्कुल पास बैठता है। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। किसी के घायल नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली।




