Bokaro: बोकारो के सेक्टर-6 डेली मार्केट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सात से आठ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें मिठाई की दुकान, पूजा सिटी गोल्ड, सैलून, दुर्गा ग्लास और विशन सेंटर समेत कई दुकानें शामिल हैं। प्रसाद मिठाई की तीन दुकानें भी जल गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला।
दुकानों में रखा सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर कई दुकानदारों ने बिक्री और ऑर्डर का सामान पहले से मंगाकर रखा था, जो आग में जल गया। एक दुकानदार ने दुकान में रखे करीब 10 हजार रुपए नकद भी जलने की बात कही है। नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदारों ने बताया कि वे रात में घर पर थे। सुबह आग की सूचना मिलने पर बाजार पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
कई दुकानों में रखा लगभग पूरा सामान जल चुका था। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, दुकानों से ही उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी कुछ ही देर में राख हो गई।





