फॉण्ट कनवर्टर NEW

भूमि विवाद से लेकर आपदा राहत तक, DC रांची की कड़ी हिदायतें

Ranchi News : समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आज जिला के वरीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने की। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, विधि-व्यवस्था, आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी, जनकल्याणकारी

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News : समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आज जिला के वरीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने की। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, विधि-व्यवस्था, आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और समाहरणालय परिसर के बेहतर प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अब से हर महीने ऑनलाइन जिला स्तरीय विधि-व्यवस्था संधारण बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग समय पर कार्य पूरा करें।

सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने पर जोर
समाहरणालय परिसर की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए DC ने CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, परिसर और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को त्वरित राहत
DC ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को मुआवजा राशि सीधे उनके बैंक खातों में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होनी चाहिए और अंचल स्तर पर भुगतान की पुरानी पद्धति को समाप्त किया जाए।

ऑल हैंड्स मीटिंग निर्देशों का अनुपालन
बैठक में ‘ऑल हैंड्स मीटिंग’ के बाद दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई। DC ने स्पष्ट किया कि समाहरणालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उसी दिन सभी आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की समीक्षा
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” पर भी चर्चा हुई। सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा ने जानकारी दी कि रक्षा बंधन के अवसर पर योजना के अंतर्गत जुलाई माह की सम्मान राशि सभी लाभुकों को उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान से स्वावलंबन” योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभुकों को जोड़ने के लिए JSLPS को निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद मामलों में पारदर्शिता अनिवार्य
जनता दरबार में आने वाले भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निष्पादन में विशेष सावधानी बरतने पर DC ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निपटारा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास कायम रहे।

बैठक के अंत में समाहरणालय परिसर की साफ-सफाई, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों व कर्मियों के पहचान पत्र की व्यवस्था और DMFT से चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग मिलकर समन्वय से कार्य करें, ताकि जिला प्रशासन की कार्यकुशलता और जनता के प्रति जवाबदेही मजबूत हो।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram