फॉण्ट कनवर्टर NEW

छठ पूजा समिति का बैनर हटाने पर विवाद, निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे सदस्य

छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर हटाने को लेकर हजारीबाग नगर निगम विवादों में घिर गया है। मंगलवार को नगर निगम की टीम अवैध होर्डिंग हटाने पहुंची थी।

अपनी भाषा में पढ़ें

हजारीबाग: छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर हटाने को लेकर हजारीबाग नगर निगम विवादों में घिर गया है। मंगलवार को नगर निगम की टीम अवैध होर्डिंग हटाने पहुंची थी। इस दौरान आर्ष कन्या गुरुकुल के मुख्य गेट पर लगा श्री षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर फाड़कर हटा दिया गया। इसे लेकर गुरुकुल के आचार्य और निगम कर्मियों के बीच विवाद हो गया। नगर निगम की कार्रवाई से नाराज समिति के सदस्यों ने निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया।

महापौर ने निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल

मामले पर महापौर अरविंद राणा ने नगर निगम की कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने कहा कि गलत मानसिकता के तहत समिति का बैनर हटाया गया है। उन्होंने नगर आयुक्त पर आरोप लगाया कि जिन स्थानों से महापौर का जुड़ाव है, वहीं कार्रवाई की जा रही है। महापौर ने मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कराने की बात भी कही। उल्लेखनीय है कि अरविंद राणा खुद भी छठ पूजा फल वितरण समिति के सदस्य हैं।

गुरुकुल के आचार्य से व्यवहार पर नाराजगी

बैनर हटाने के दौरान आर्ष कन्या गुरुकुल के आचार्य कौटिल्य के साथ हुई नोक-झोंक पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि निगम कर्मियों के व्यवहार से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में सदस्यों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना देकर कार्रवाई पर आपत्ति जताई।

नगर आयुक्त ने जताया खेद

विवाद बढ़ने के बाद नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि राज्यभर में अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने का अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत डिस्ट्रिक्ट मोड़ से इंद्रपुरी चौक तक अवैध होर्डिंग हटाए गए। इसी दौरान छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर भी हटाया गया। उन्होंने कहा कि किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कोई उद्देश्य नहीं था। नगर आयुक्त ने पूरे मामले पर खेद जताया।

सांसद मनीष जायसवाल ने कार्रवाई की मांग की

हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने भी नगर निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से जुड़े पोस्टर को फाड़ना उचित नहीं है। साथ ही गुरुकुल के आचार्य के साथ हुए व्यवहार को भी गलत बताया। सांसद ने बैनर फाड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और आचार्य से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों से माफी मंगवाने की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram