रांची: राजधानी के दलादली रिंग रोड पर बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना की जानकारी तुरंत दलादली टीओपी को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय द्वितीय) अजय आर्य के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाकों और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला। तकनीकी सहायता और पुराने अपराधियों से मिली गुप्त जानकारी के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें पुलिस को सफलता हाथ लगी।
छानबीन के दौरान पुलिस ने एक ऐसे अंतरप्रांतीय गिरोह को दबोचा जो रांची के अलग-अलग क्षेत्रों में 15 से अधिक चेन छिनतई और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में गुनी सोनार (बोकारो), मो. फहीम अंसारी (हजारीबाग), मो. साकिब उर्फ देवा (रांची) और दीपक सोनार (सिल्ली, रांची) शामिल हैं।
पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि छीने गए सोने के गहनों को वे एक सुनार को बेचते थे। पुलिस ने छापेमारी कर गहने खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लगभग 26 ग्राम पिघला हुआ व छिनतई किया गया सोना, 240 ग्राम चांदी (18 पीस), 3 स्मार्टफोन, ₹44,000 नकद, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें (पल्सर व अपाचे) और घटना में इस्तेमाल किए गए कपड़े, जूते व हेलमेट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पहले भी जेल जा चुका है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





