अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro News: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में बुधवार को बोकारो जिला डेकोरेटर एसोसिएशन की ओर से सेक्टर-12 स्थित सरना स्थल में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए गए तथा उनके संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया गया। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने का संदेश देना रहा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एसोसिएशन के जोन-1, जोन-2, चास जोन, चन्द्रपुरा, बेरमो, गोमिया, कठारा, नावाडीह, तेलो, पेटरवार, पिंडराजोरा एवं चंदनकियारी सहित जिले की सभी शाखाओं में भी एक साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति डेकोरेटर समुदाय की सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का परिचय मिला।कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने लोगों से भी अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। मौके पर समरेश महतो, नेमचंद, बेनी, मुकेश, अभय सिंह, मिथलेश, अमरीक छावड़ा, मिथलेश सिंह, धनंजय, पेंटर, धीरेंद्र, श्रवण, आनंद जी, बलबीर सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

