Hazaribagh: उपायुक्त हेमंत सती ने गुरुवार को कटकमसांडी प्रखंड के बिरहोर टंडा, कंडसार का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरहोर समुदाय के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नव प्राथमिक विद्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का भी निरीक्षण किया।
Read more: NEET पेपर लीक के विरोध में हजारीबाग में कांग्रेस का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चापाकलों की स्थिति, कच्चे मकानों में बारिश के दौरान हो रहे जल रिसाव और विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पूरे बिरहोर टंडा का पैदल भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद किया। कई घरों में छत से पानी रिसने की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
अगस्त के पहले शनिवार लगेगा विशेष शिविर
महिलाओं से बातचीत के दौरान राशन नहीं मिलने, पेंशन की राशि निकालने में परेशानी, आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन और अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी मिली। इन समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त ने अगस्त माह के प्रथम शनिवार को बिरहोर टंडा, कंडसार में विशेष बहुउद्देशीय शिविर आयोजित करने की घोषणा की। शिविर में बैंक खाता अद्यतन, आधार सुधार, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मंईयां सम्मान योजना, स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
खेती योग्य भूमि पर भी हुई चर्चा
ग्रामीणों द्वारा खेती योग्य भूमि उपलब्ध कराने की मांग पर उपायुक्त ने सामुदायिक वन पट्टा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल का भरोसा दिया।
स्कूल का निरीक्षण, बच्चों से किया संवाद
उपायुक्त ने नव प्राथमिक विद्यालय, बिरहोर टंडा का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की और उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने बिना ड्रेस आए बच्चों की स्थिति पर चिंता जताते हुए शिक्षक को बच्चों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की उपस्थिति पंजी की भी जांच की और उपलब्ध शिक्षण सामग्री का नियमित रूप से कक्षाओं में उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य केंद्र में भी जांची व्यवस्थाएं
उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कंडसार में ओपीडी, दवा उपलब्धता, एक्स-रे कक्ष, लैब, नेत्र एवं दंत चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के अनुपस्थित मिलने पर नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। साथ ही ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दूरस्थ और वंचित समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को बिरहोर समुदाय की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Read more: हजारीबाग गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग, नगर आयुक्त से मिले बटेश्वर प्रसाद मेहता




