Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना जिले के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) के स्थायी परिसर का शिलान्यास किया। करीब 99.97 करोड़ रुपये की लागत से चार एकड़ भूमि पर बनने वाला यह संस्थान बिहार की युवतियों को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके और उन्होंने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से कार्यक्रम को संबोधित किया।
99.97 करोड़ रुपये से बनेगा महिला कौशल संस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक भवन का शिलान्यास नहीं, बल्कि बिहार की बेटियों को आत्मनिर्भर और हुनरमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से राज्य की युवतियां राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी और समृद्ध बिहार के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाने का माध्यम है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें उद्यमिता के लिए भी तैयार करना है।
बिहार में कौशल विकास को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में करीब 1,500 कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। अब तक लगभग 12 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि 1.38 लाख युवा वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में 38 इंजीनियरिंग कॉलेज और 46 पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में मात्र 10 रुपये और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 5 रुपये शुल्क पर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही भाषा प्रयोगशालाओं में छात्र जापानी, जर्मन और फ्रेंच जैसी विदेशी भाषाएं भी सीख रहे हैं।
स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के लिए एमओयू
कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार और भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के बीच स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (SIIC) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया गया। इसका उद्देश्य बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना का स्थायी परिसर महिलाओं के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में देश के स्किल्ड युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े।



