हजारीबाग गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग, नगर आयुक्त से मिले बटेश्वर प्रसाद मेहता

झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने हजारीबाग नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता से मिलकर गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था और महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण की मांग उठाई।

Hazaribagh: झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने गुरुवार को हजारीबाग नगर निगम के नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात कर शहरहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव को लेकर एक मांगपत्र भी सौंपा।

Read more: दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग में झामुमो ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला

मांगपत्र में मटवारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान के समग्र सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए मैदान की जर्जर चारदीवारी के शीघ्र पुनर्निर्माण पर जोर दिया गया। इसके साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती और नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लग सके और सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

गांधी मैदान में सुरक्षा और स्वच्छता पर जोर

बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था लागू होने से मैदान परिसर में गंदगी भी कम होगी और आम नागरिक बेहतर वातावरण में इसका उपयोग कर सकेंगे।

महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण की मांग

उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित साफ-सफाई, प्रतिदिन माल्यार्पण तथा क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं की मरम्मत और संरक्षण सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना था कि ये प्रतिमाएं समाज की प्रेरणा और गौरव का प्रतीक हैं, इसलिए इनके संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

नगर आयुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने बटेश्वर प्रसाद मेहता द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मांगों पर शीघ्र अमल सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बटेश्वर प्रसाद मेहता ने उम्मीद जताई कि नगर निगम की त्वरित पहल से गांधी मैदान की गरिमा पुनर्स्थापित होगी और शहर के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा तथा सौंदर्य में सुधार देखने को मिलेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.