फॉण्ट कनवर्टर NEW

NEET पेपर लीक के विरोध में हजारीबाग में कांग्रेस का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

NEET पेपर लीक, परीक्षा में कथित अनियमितताओं और नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में हजारीबाग जिला कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन कर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

अपनी भाषा में पढ़ें

Hazaribagh: जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष ‘लोकतंत्र बचाओ, छात्र न्याय आंदोलन’ के तहत धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने की।

Read more: दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग में झामुमो ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला

धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में चर्चा कराने तथा नई दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज एफआईआर और आपराधिक मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है।

कांग्रेस ने उठाए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल

सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही से उनका भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया, जिसकी उन्होंने निंदा की।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदेश उपाध्यक्ष भीम कुमार ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन महासचिव रघु जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष परवेज अहमद ने दिया। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Read more: हजारीबाग गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग, नगर आयुक्त से मिले बटेश्वर प्रसाद मेहता

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram