फॉण्ट कनवर्टर NEW

मेगा जॉब फेयर: नौकरी की तलाश में पहुंचे 4500 युवा, पहले दिन 2972 का हुआ चयन

पटना के ज्ञान भवन में शुरू हुए पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर में पहले दिन 4500 युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 2972 का चयन हुआ। 100 से अधिक कंपनियां 20 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर लेकर पहुंची हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मंच बुधवार से पटना के ज्ञान भवन में शुरू हो गया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर-2026 के पहले दिन ही 4500 अभ्यर्थी पहुंचे, जिनमें से 2972 युवाओं का चयन किया गया। 19 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस मेगा जॉब फेयर का उद्घाटन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में 100 से अधिक कंपनियां हिस्सा ले रही हैं और बिहार के युवाओं के लिए 20 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बैंकिंग से रिटेल तक, 100 से ज्यादा कंपनियां शामिल

मेगा जॉब फेयर में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस और रिटेल समेत कई सेक्टर की कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर दे रही हैं। मेले में टाटा ट्रेंट, क्रोमा, वी-मार्ट, डी-मार्ट, सैमसंग, फ्लिपकार्ट और बिगकिट जैसी कंपनियां युवाओं का चयन कर रही हैं। वहीं वित्तीय क्षेत्र में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, एसबीआई लाइफ, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसी संस्थाएं भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान इंडिया स्किल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

Read more: नौकरी का बड़ा मौका! पटना में 19 अगस्त से रोजगार मेला, 20 हजार अवसर

सिर्फ नौकरी नहीं, ग्लोबल करियर का भी मौका

मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल युवाओं को नौकरी दिलाना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जिनसे वे परिवार, समाज और राज्य की प्रगति में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं। सही अवसर और दिशा मिलने पर वे देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

खाड़ी देशों में करीब 1000 नौकरियों के अवसर

इस मेगा जॉब फेयर की एक खास बात विदेशों में रोजगार के अवसर भी हैं। ब्लू शीप और ओवरसीज जैसी कंपनियों के माध्यम से खाड़ी देशों में करीब 1000 अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें रिटेल, रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के विकल्प शामिल हैं।

नवंबर से अब तक 1.10 लाख युवाओं को रोजगार

मंत्री ने बताया कि विभाग की ओर से प्रत्येक दो महीने पर रोजगार मेला और मेगा जॉब कैंप आयोजित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मई में आयोजित रोजगार आयोजन के माध्यम से 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया था। उन्होंने बताया कि नवंबर से अब तक 1.10 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया गया है। मंत्री ने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार में शामिल होने और अपनी योग्यता का बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। साथ ही ‘दोगुना रोजगार, दोगुनी आय’ के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया।

साल में छह बार होंगे रोजगार आयोजन

विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने बताया कि रोजगार और स्वरोजगार से युवाओं को जोड़ने के लिए डीईटी पोर्टल तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर नवंबर से अब तक 1.20 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि विभाग ऑन-स्पॉट जॉब फेयर के साथ ऑनलाइन जॉब फेयर आयोजित करने पर भी विचार कर रहा है। इससे नियोक्ताओं और अभ्यर्थियों के बीच की दूरी कम होगी और युवाओं को उनकी शिक्षा, रुचि और कार्यक्षेत्र के अनुरूप अवसर मिल सकेंगे। विभाग का लक्ष्य वर्ष में छह बार रोजगार आयोजन करने का है।

स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार करने पर जोर

सचिव ने कहा कि विभाग का उद्देश्य सिर्फ नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कौशल विकास के जरिए ऐसा स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार करना है, जो देश और विदेश में अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करे। उन्होंने युवाओं से लगातार अपने कौशल को बेहतर बनाने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर कौशल के साथ रोजगार और सफलता के अवसर भी बढ़ते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram