फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार प्रशासनिक फेरबदल: डेढ़ दर्जन IAS इधर से उधर, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट

बिहार सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए गृह, वित्त और शिक्षा समेत कई अहम विभागों के सचिव बदले हैं, साथ ही 4 जिलों में नए DM नियुक्त किए हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए करीब डेढ़ दर्जन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और कई जिलों के जिलाधिकारियों (DM) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। गृह, वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, समाज कल्याण, नगर विकास और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण जैसे अहम विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

प्रमुख विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव बदले

1996 बैच के IAS अधिकारी एच. आर. श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग से हटाकर ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वह सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।

1997 बैच के IAS पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग से स्थानांतरित कर गृह विभाग का नया प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके अलावा 1999 बैच के IAS विनय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग से हटाकर वित्त विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है, साथ ही उनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है, जबकि पटना के निवर्तमान आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।

सचिव स्तर पर इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

2007 बैच के IAS अधिकारी संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है। वह वाणिज्य कर विभाग, GST और मुख्यमंत्री सचिवालय का अतिरिक्त प्रभार पूर्ववत संभालते रहेंगे। वहीं, विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

2010 बैच के IAS राजीव रौशन को उच्च शिक्षा से स्थानांतरित कर शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है, साथ ही उनके पास उच्च शिक्षा और वित्त विभाग (संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। बी. कार्तिकेय धनजी को लघु जल संसाधन से हटाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

भोजपुर, सीतामढ़ी, बेगूसराय और सीवान में नए डीएम तैनात

राज्य सरकार ने चार जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की है:

  • भोजपुर: 2015 बैच के IAS मनेश कुमार मीणा (पूर्व निदेशक, खान) को भोजपुर का नया DM बनाया गया है।

  • बेगूसराय: सीतामढ़ी के निवर्तमान डीएम रिची पांडेय को स्थानांतरित कर बेगूसराय का DM नियुक्त किया गया है।

  • सीवान: नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा को सीवान का जिलाधिकारी बनाया गया है।

  • सीतामढ़ी: भोजपुर के निवर्तमान डीएम तनय सुल्तानिया का तबादला कर उन्हें सीतामढ़ी का नया DM बनाया गया है।

सभी नए जिलाधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 14 के तहत संबंधित जिलों का जिला दंडाधिकारी भी नियुक्त किया गया है।

कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव (1995 बैच) अरविंद कुमार चौधरी को अगले आदेश तक बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग और नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram