धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। निरंकारी और कुर्मीडीह चौक के बीच हुई फायरिंग में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अपराधी मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों को SNMMCH में भर्ती कराया गया है।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में रंगदारी वसूलने पहुंचे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने संदिग्धों का पीछा किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों को गोली लगी।
घायलों की पहचान वासेपुर निवासी इरफान आलम और पुटकी निवासी नन्हे के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक बाइक और हथियार बरामद किए हैं।
मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारी
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। FSL की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, घायल अपराधियों के मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान से बातचीत के सुराग मिले हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है। घायल आरोपियों से पूछताछ के आधार पर रंगदारी नेटवर्क और उनके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।




