फॉण्ट कनवर्टर NEW

रायबरेली मार्ग पर भीषण टक्कर, दरोगा की मौत; सिपाही गंभीर घायल

अयोध्या के रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास गश्त के दौरान पुलिस की कार ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में दरोगा आकाश यादव की मौत हो गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास मंगलवार देर रात गश्त के दौरान सड़क हादसा हो गया। पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि पुलिसकर्मियों की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया।

ट्रेलर से टकराई पुलिस की कार

पूराकलंदर थाना क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार मंगलवार देर रात कार से गश्त पर निकले थे। इसी दौरान रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास उनकी कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान दरोगा की मौत

चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। वह मूल रूप से जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। वहीं 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसएसपी मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर पहुंचे और घायल कांस्टेबल के इलाज की स्थिति जानी। उन्होंने बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ट्रेलर कब्जे में, जांच शुरू

पुलिस ने गिट्टी लदे ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram