अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला द्वारा जिले के सभी 12 प्रखंडों में टीचर नीड असेसमेंट का आयोजन 18 से 20 नवंबर तक तीन दिनों में दो पालियों में किया जा रहा है। जिले के सभी प्राथमिक, मध्य, उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए इस टेस्ट में भाग लेना अनिवार्य है।
इस आकलन का मुख्य उद्देश्य जिले में शिक्षकों की विषयवार दक्षता, प्रशिक्षण की वास्तविक आवश्यकता और शिक्षण गुणवत्ता को समझना है। टेस्ट के परिणामों के आधार पर शिक्षा विभाग द्वारा जरूरत-आधारित प्रशिक्षण संचालित किए जाएंगे, ताकि शिक्षकों की पेशेगत दक्षता बढ़ाई जा सके और विद्यार्थियों के अधिगम परिणामों में सुधार लाया जा सके। यह प्रक्रिया स्कूल-स्तर पर शैक्षणिक गैप की पहचान करके शिक्षा को अधिक प्रभावी, डेटा-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कल दिनांक 18 नवंबर को दोनों पालियों में कुल 1348 शिक्षकों में से 1325 शिक्षकों ने भाग लिया तथा आज दिनांक 19 नवंबर की प्रथम पाली में 571 में से 537 शिक्षकों की सहभागिता दर्ज की गई।
झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला द्वारा आयोजित यह आकलन जिले में शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए सभी प्रखंड में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं जिसमें शिक्षक अपने मोबाइल में लिंक के माध्यम से ऑनलाइन प्रश्नों के उत्तर दे रहे हैं । इस पूरे टेस्ट की पारदर्शिता हेतु जिले के डीईओ डीएसई सहित सभी एडीपीओ, एपीओ, डायट प्राचार्य आदि द्वारा परीक्षा केंद्रों का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है तथा प्रखंड के बीपीओ के नेतृत्व में सभी सीआरपी बीआरपी एवं प्रखंड के शिक्षा कर्मी परीक्षा केंद्र संचालन का दायित्व सम्हाल रहे हैं।

