अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
जमशेदपुर।भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित 29 दिसंबर के जमशेदपुर एवं आदित्यपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को झारखंड सरकार के वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल एवं जोनल आईजी मनोज कौशिक ने जमशेदपुर परिसदन में जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितीश सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला-खरसावां मुकेश लुणायत सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग की मैपिंग, यातायात प्रबंधन, सड़कों से निर्माण सामग्री हटाने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा बलों की ब्रीफिंग और रिहर्सल, पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित करने तथा प्रोटोकॉल के सख्त अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक के उपरांत सचिव एवं जोनल आईजी ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर तथा जमशेदपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था संधारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियों को समय पर और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, आदित्यपुर के नगर आयुक्त, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी सहित पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिलों के संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

