मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार,
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में रांची पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बोकारो जिले के विश्वजीत कुमार/विश्वजीत समादार के रूप में हुई है। यह कार्रवाई कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद की गई।
बताया गया कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें आरोपी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वायरल वीडियो तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




