रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन अधिनियम-2026 पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को विधानसभा के विशेष सत्र में उन्होंने इस कानून के खिलाफ सरकार की ओर से संकल्प पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानून से झारखंड के राजस्व पर हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये का असर पड़ सकता है। इससे राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होंगी।
संविधान दिवस के मौके पर सदन को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां की बड़ी आबादी खनन क्षेत्रों में रहती है। खनन के कारण स्थानीय लोगों को विस्थापन, जमीन का नुकसान और पर्यावरण संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में खनिज से होने वाली कमाई का लाभ सबसे पहले प्रभावित लोगों तक पहुंचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी : बाबूलाल मरांडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को एमएमडीआर संशोधन अधिनियम अधिसूचित किया था। इस संशोधन के बाद राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त जमीन पर टैक्स, सेस और उपकर लगाने की शक्तियां सीमित हो गई हैं। पहले से बकाया कुछ करों की वसूली के दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।
महिलाओं और गरीबों की योजनाओं पर पड़ेगा असर
हेमंत सोरेन के अनुसार, राज्य को मिलने वाले राजस्व में कमी आने से सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए आर्थिक संसाधन जुटाना मुश्किल होगा। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: युवाओं को नई तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखने की जरूरत : राज्यपाल संतोष गंगवार
उन्होंने कहा कि खनन से सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी, दलित और पिछड़े समुदायों को उठाना पड़ता है। इसलिए खनिज से मिलने वाली राशि का उपयोग इन समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास में किया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प में सुप्रीम कोर्ट के मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड मामले का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने खनिजयुक्त जमीन पर राज्य सरकारों के कर लगाने के अधिकार को मान्यता दी है।
उन्होंने बताया कि इसी आधार पर झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक-2024 पारित किया था। राज्य सरकार के अनुसार, इस व्यवस्था से हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। इस राशि का इस्तेमाल राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा रहा है।
खनन प्रभावित लोगों को मिले खनिज संपदा का लाभ
हेमंत सोरेन ने कहा कि खनन के कारण जिन लोगों को अपनी जमीन, घर और पर्यावरण का नुकसान उठाना पड़ता है, उन्हें खनिज संपदा से होने वाली कमाई में उचित हिस्सा मिलना चाहिए। केंद्र के नए संशोधन से राज्यों के आर्थिक अधिकारों के साथ-साथ खनन प्रभावित लोगों के विकास पर भी असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने केंद्र सरकार के संशोधन के प्रतिकूल प्रभावों को सदन के सामने रखते हुए राज्यों के अधिकारों और स्थानीय समुदायों के हितों की रक्षा पर जोर दिया।
संबंधित खबरें
- झारखंड आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी : बाबूलाल मरांडी
- झारखंड युवाओं को नई तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखने की जरूरत : राज्यपाल संतोष गंगवार
- झारखंड बहुजन समाज के अधिकारों के लिए मूलनिवासी संघ का आंदोलन, संविधान दिवस पर किया प्रदर्शन
- #ट्रेंडिंग जब गढ़ा गया दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का जीवंत दस्तावेज









