रांची। खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट का समापन खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में हुआ। झारखंड वुशु एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। रांची ने सब जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में पहला स्थान हासिल कर सभी ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची की महापौर रोशनी खलखो और खेल निदेशक छवि रंजन शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: रांची में महिला सशक्तीकरण की पहल, 1000 लाभुकों को मिले 2.90 करोड़ रुपये
तीनों वर्गों में रांची के खिलाड़ियों ने मारी बाजी
सब जूनियर वर्ग में रांची की टीम ने 8 स्वर्ण, 7 रजत और 18 कांस्य पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। चतरा 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। रामगढ़ ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग में भी रांची का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने 7 स्वर्ण, 7 रजत और 10 कांस्य पदक जीते। चतरा दूसरे और रामगढ़ तीसरे स्थान पर रहा।
सीनियर वर्ग में रांची ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। गुमला दूसरे और कोल्हान तीसरे स्थान पर रहा।
यह भी पढ़ें: CM हेमंत सोरेन ने लॉन बॉल्स खिलाड़ियों को किया सम्मानित
चार दिनों तक चली प्रतियोगिता, 650 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
चार दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के अलग-अलग जिलों से करीब 650 खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। महिला खिलाड़ियों ने ताउलु और सांदा स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंत में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई समारोह की रौनक
समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विपुल नायक के ग्रुप और लोक कल्याण केंद्र के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति जगन्नाथ चोलाकलिंगम, डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य बिपिन राय और मनरखन ग्रुप के चेयरमैन मनरखन महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अस्मिता योजना से महिला खिलाड़ियों को मिल रहा मंच
झारखंड वुशु एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला संघों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, खिलाड़ियों और अभिभावकों के प्रति आभार जताया।
एसोसिएशन ने कहा कि अस्मिता योजना के माध्यम से राज्य की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल रहा है। इससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है।
संबंधित खबरें
- झारखंड रांची में महिला सशक्तीकरण की पहल, 1000 लाभुकों को मिले 2.90 करोड़ रुपये
- झारखंड CM हेमंत सोरेन ने लॉन बॉल्स खिलाड़ियों को किया सम्मानित
- झारखंड रांची में 45 कोचिंग और हॉस्टल संस्थानों को निगम का अंतिम नोटिस, 24 घंटे का अल्टीमेटम
- #ट्रेंडिंग अवैध कोचिंग संस्थानों और लॉज पर एक्शन, 45 प्रतिष्ठित संस्थानों को 24 घंटे का अल्टीमेटम







