रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई किराए में बेतहाशा वृद्धि पर नियंत्रण और आम जनता के हित में किराया नीति बनाने के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने रांची से दिल्ली यात्रा के दौरान एयरपोर्ट पर सामने आई एक घटना का जिक्र करते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अंसारी ने बताया कि झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक रांची से दिल्ली जाना पड़ा। उस समय रांची से दिल्ली का हवाई किराया लगभग 31 हजार रुपये था, जिसे देखकर उन्होंने मध्यमवर्गीय परिवारों की कठिनाइयों पर चिंता जताई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने देश के प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी @narendramodi को लिखा भावुक पत्र। जरूर पढ़ें।
सेवा में,
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी,
भारत सरकार, नई दिल्ली।विषय: हवाई किराए में बेतहाशा वृद्धि पर नियंत्रण एवं आम जनता के हित में किराया नीति बनाने के संबंध में।
आदरणीय प्रधानमंत्री जी,
सादर प्रणाम।
आज मैं आपको एक ऐसी घटना के बारे में लिख रहा हूं, जिसने मेरे मन को भीतर तक झकझोर कर रख दिया। एक स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते रोजाना लोगों का दर्द देखता हूं, लेकिन आज एयरपोर्ट पर जो दृश्य मेरी आंखों के सामने आया, उसे देखकर मेरा हृदय व्यथित हो गया।
झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुझे अचानक रांची से दिल्ली आना पड़ा। जब मैंने हवाई टिकट का किराया देखा तो हैरान रह गया। रांची से दिल्ली का किराया लगभग 31 हजार रुपये था। मेरा यात्रा खर्च तो झारखंड सरकार वहन कर लेगी, लेकिन उस मध्यमवर्गीय परिवार का क्या होगा, जिसके लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना भी मुश्किल है?
इसी दौरान एयरपोर्ट पर मेरी नजर एक महिला पर पड़ी। वह टिकट का किराया देखकर रो रही थी। पूछने पर पता चला कि उसके पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक है। पति ने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि एक बार अपनी पत्नी को देख लें।
सोचिए प्रधानमंत्री जी, एक तरफ जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा पति अपनी पत्नी का इंतजार कर रहा था और दूसरी तरफ पत्नी सिर्फ हवाई टिकट के महंगे किराए के कारण अपने पति तक पहुंच पाने में असमर्थ थी।
एक पत्नी अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करना चाहती थी, लेकिन हवाई टिकट का किराया उसके रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बन गया था। उसकी आंखों में आंसू थे, दिल में पति से मिलने की तड़प थी और हाथ में इतने पैसे नहीं थे कि वह अपने जीवन के इस सबसे मुश्किल सफर पर निकल सके।
मैं उस महिला की बेबसी देखकर खुद को रोक नहीं पाया। मैंने अपनी ओर से हरसंभव मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से उसके टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति के पास पहुंच सके।
प्रधानमंत्री जी, उस समय मेरे मन में बार-बार एक ही सवाल उठ रहा था कि क्या इस देश में किसी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए भी इतने संघर्ष से गुजरना पड़ेगा?
जिस समय परिवार को अपनों का साथ चाहिए, उस समय एयरलाइंस कंपनियों के आसमान छूते किराए उनकी मजबूरी का फायदा क्यों उठाएं?
आज मैंने उस महिला की मदद कर दी, लेकिन देश के हर एयरपोर्ट पर कोई इरफान अंसारी मौजूद नहीं होगा। ऐसे लाखों परिवार हैं, जो बीमारी, दुर्घटना और पारिवारिक आपातकाल में अचानक यात्रा करने को मजबूर होते हैं। उनके पास न समय होता है और न ही महंगे टिकट खरीदने की आर्थिक क्षमता।
प्रधानमंत्री जी, मैं आपसे हाथ जोड़कर आग्रह करता हूं कि नागरिक उड्डयन मंत्री को तत्काल सख्त निर्देश दें और हवाई किराए को लेकर एक ठोस नियमावली बनाएं।
1. हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित हो।
2. एयरलाइंस कंपनियों द्वारा अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण हो।
3. आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो।
4. किराया निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो।मैं कांग्रेस पार्टी का मंत्री हूं। हो सकता है कि राजनीतिक विचारधारा के कारण मेरी बात को उतनी गंभीरता से न लिया जाए, लेकिन प्रधानमंत्री जी, आज मैं किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान और जनसेवक के रूप में आपसे अपील कर रहा हूं।
राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए।
देश में अमीरों के लिए हवाई सफर आसान है, लेकिन उस गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार का दर्द कौन समझेगा, जिसकी पूरी जमा-पूंजी एक हवाई टिकट में खत्म हो जाती है?
मैं नहीं चाहता कि भविष्य में किसी दूसरी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए एयरपोर्ट पर खड़े होकर टिकट के किराए के सामने आंसू बहाने पड़ें।
किसी की जिंदगी का आखिरी मिलन एयरलाइंस कंपनियों के मुनाफे का सौदा नहीं बनना चाहिए।
आपसे विनम्र निवेदन है कि इस पत्र को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि उस महिला के आंसुओं और उसकी बेबसी को महसूस करते हुए पढ़ें। कृपया इस विषय पर तत्काल हस्तक्षेप करें और आम जनता को राहत देने वाली नीति बनवाएं।
मुझे उम्मीद है कि आप मेरी इस मानवीय अपील पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे।
सादर,
डॉ. इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड सरकार
@RahulGandhi @kharge @kcvenugopalmp @KRajuINC @sirivellaprasad @BJP4Jharkhand @BJP4Delhi @INCJharkhand_— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) November 24, 2026
यह भी पढ़ें: सालों से उठ रही मांग पर मंत्री का भरोसा, दिसंबर में बनेगा उर्दू बोर्ड और शिक्षा आयोग?
एयरपोर्ट की घटना का किया जिक्र
पत्र के अनुसार, एयरपोर्ट पर एक महिला टिकट का किराया देखकर रो रही थी। पूछने पर पता चला कि उसके पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, उनकी हालत बेहद नाजुक है और उन्होंने अंतिम इच्छा के रूप में अपनी पत्नी को देखने की बात कही थी। महिला महंगे हवाई टिकट के कारण पति तक नहीं पहुंच पा रही थी। अंसारी ने लिखा कि उन्होंने अपनी ओर से मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से महिला के टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति के पास पहुंच सके।
पीएम मोदी से की चार प्रमुख मांगें
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में आग्रह किया है कि नागरिक उड्डयन मंत्री को तत्काल निर्देश देकर हवाई किराए को लेकर ठोस नियमावली बनाई जाए। उन्होंने चार प्रमुख मांगें रखी हैं :
हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए।
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी की शादी आज से शुरू, मेहंदी-संगीत के बाद कल होगी घुड़दौड़
एयरलाइंस कंपनियों द्वारा अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण हो।
आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो।
किराया निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो।
मानवीय आधार पर विचार की अपील
डॉ. इरफान अंसारी ने लिखा कि वह कांग्रेस पार्टी के मंत्री हैं, लेकिन इस पत्र के माध्यम से वह एक इंसान और जनसेवक के रूप में अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों परिवार बीमारी, दुर्घटना और पारिवारिक आपातकाल में अचानक यात्रा को मजबूर होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि इस पत्र को राजनीतिक चश्मे से न देखकर उस महिला के आंसुओं और बेबसी को महसूस करते हुए पढ़ें तथा आम जनता को राहत देने वाली नीति बनवाएं।







