हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में लराही रोड पर मलिकाना के पास मंगलवार को सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बुलेट बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और पीयूष सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान लराही की ओर से बुलेट बाइक पर घर लौट रहे अमन को विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी।
इसके बाद वाहन ने सड़क किनारे खड़े दोनों छात्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र उछलकर लोहे की रेलिंग से जा टकराए और उनके सिर व माथे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों छात्रों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल अमन को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: सर्किट हाउस इलाके में भीषण बाइक हादसा, दो युवकों की मौत से पसरा मातम
मृतकों और घायल की पहचान
मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र अमित कुमार (17) और प्रकाश यादव के पुत्र पीयूष कुमार (16) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान सिंघरावां मोड़ निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र अमन कुमार (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अमित कुमार प्लस टू उच्च विद्यालय टोईया में 11वीं कक्षा का छात्र था। वहीं, पीयूष कुमार सुरेखा पब्लिक स्कूल बहेरा में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। परिजनों ने बताया कि दोनों सुबह खेलने के बाद दोपहर में खाना खाकर घूमने के लिए घर से निकले थे। दोनों अपने-अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे और हादसे के बाद परिवारों व गांव में मातम पसरा है।
पुलिस ने क्या कहा?
घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और चौपारण पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने आपदा मित्र एंबुलेंस से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच चल रही है और हादसे में शामिल अज्ञात चार पहिया वाहन व चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सुबह-सुबह भूकंप से दहला झारखंड, अपार्टमेंट छोड़ खुले मैदान में पहुंचे लोग
संबंधित खबरें
- राज्य सर्किट हाउस इलाके में भीषण बाइक हादसा, दो युवकों की मौत से पसरा मातम
- झारखंड सुबह-सुबह भूकंप से दहला झारखंड, अपार्टमेंट छोड़ खुले मैदान में पहुंचे लोग
- झारखंड RSS के संगठन में बड़ा फेरबदल, धनबाद अब देवघर संभाग के अधीन होगा
- झारखंड डीसी और एसएसपी ने अचानक घाघीडीह जेल में मारा छापा, दो घंटे तक चली जांच







