पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस इलाके के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक बुलेट बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सर्किट हाउस क्षेत्र में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल का इलाज जारी है।
मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों की पहचान सोनारी निवासी जेडीयू कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह के छोटे पुत्र ब्रजेश सिंह और गणेश पांडे के पुत्र कृष्णा पांडे के रूप में हुई है। इस हादसे में गणेश पांडे के दामाद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज होने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: चौपारण में तेज रफ्तार वाहन ने दो छात्रों को कुचला, मौके पर मौत
आगे क्या होगा?
हादसे की वजह को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। युवकों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।







