धनबाद: शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार और शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में अनियमितता को लेकर निरसा विधायक अरूप चटर्जी का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। गुरुवार को आंदोलन के तीसरे दिन भी विधायक धनबाद उपायुक्त कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे रहे।
विधायक ने प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि दो दिन बीत जाने के बाद भी उपायुक्त या शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क पर उतरेगा आंदोलन
अरूप चटर्जी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट को जाम कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो नेशनल हाईवे जाम किया जाएगा।
विधायक ने यह भी घोषणा की कि गुरुवार से आइसा छात्र संगठन के कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में छात्र भूख हड़ताल में शामिल होकर शिक्षा विभाग में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।
डीसी ने जांच कराने का दिया आश्वासन
दूसरी ओर, उपायुक्त ने विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराने का भरोसा दिया है। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित आंकड़े और दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से भूख हड़ताल पर बैठे विधायक के स्वास्थ्य की जांच के लिए सरकारी डॉक्टर भेजने की भी बात कही गई है। फिलहाल शुक्रवार को प्रशासन की अगली पहल का इंतजार है। वहीं, आंदोलन आगे किस दिशा में जाएगा, इस पर भी सबकी नजर बनी हुई है।
Read more : दिवाली और छठ पर नहीं होगी सीटों की परेशानी, रांची से चलेगी स्पेशल ट्रेन






