फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

HIV से जंग, भेदभाव पर वार; नेशनल रेड रन 4.0 में दौड़ा पूरा देश

बिहार की मेजबानी में पटना के गांधी मैदान में ‘नेशनल रेड रन 4.0’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देश भर के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं ने HIV के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Patna: बिहार की मेजबानी में पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘नेशनल रेड रन 4.0’ (चौथा संस्करण) का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के मार्गदर्शन और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश के बत्तीस राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नेशनल रेड रन की दस किलोमीटर लंबी दौड़ में लगभग ढाई सौ प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि दो किलोमीटर के वॉकथॉन में करीब एक हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

HIV नियंत्रण और युवाओं की भूमिका

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जागरूकता अभियानों, बेहतर उपचार सुविधाओं और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप HIV नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अब HIV संक्रमित व्यक्ति के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने भविष्य में भी निरंतर प्रयास करते हुए HIV संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ मां से बच्चे में होने वाले संक्रमण को पूरी तरह नियंत्रित करने की दिशा में काम करने पर जोर दिया। उन्होंने याद दिलाया कि HIV संक्रमण केवल यौन संपर्क से ही नहीं, बल्कि संक्रमित रक्त एवं अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है, इसलिए समाज के हर वर्ग तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि इस आयोजन में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि HIV के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। वहीं, नाको की डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. तान्जिन डिकिड और यूनिसेफ फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने भी सभा को संबोधित करते हुए HIV जांच की अनिवार्यता और सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने दस किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता के विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

  • बॉयज कैटेगरी:

    • प्रथम स्थान: अनुपम महतो (पश्चिम बंगाल)

    • द्वितीय स्थान: अभिषेक कुमार (उत्तर प्रदेश)

    • तृतीय स्थान: विद्या सागर (उत्तर प्रदेश)

  • गर्ल्स कैटेगरी:

    • प्रथम स्थान: स्नेहल खरात (महाराष्ट्र)

    • द्वितीय स्थान: अंजलि पाटीदार (मध्य प्रदेश)

    • तृतीय स्थान: सोनी देवी (उत्तर प्रदेश)

इस आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय धावक पीयूष राज, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शैलेश कुमार और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘विनोद’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता अशोक पाठक शामिल हुए। इस अवसर पर बीएसएसीएस के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एन.के. गुप्ता और सहायक निदेशक आलोक सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram