कामडारा(गुमला): कामडारा थाना क्षेत्र के पोकला गेट रेलवे क्रॉसिंग के समीप रविवार रात मालगाड़ी की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक मंगलदीप कंडुलना की मौत हो गई। हादसे में उसके दोनों हाथ और दोनों पैर कटकर अलग हो गए थे। गंभीर रूप से जख्मी युवक ने खूंटी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक मूल रूप से सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड के गाटीबांदू पूजारटोली का रहने वाला था। हालांकि, उसके परिजन पिछले कई वर्षों से कामडारा प्रखंड के कुदा गांव में घर बनाकर रह रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:15 बजे मंगलदीप नशे की हालत में रेलवे ट्रैक की ओर चला गया था। इसी दौरान हटिया से राउरकेला की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कामडारा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गुमला रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे खूंटी सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खूंटी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
– रिपोर्टर: सुंदरम कुमार







