Patna: श्रीनगर में आयोजित सत्रहवीं राष्ट्रीय विद्यालय ताइक्वांडो अंडर-सत्रह बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। बाईस से छब्बीस अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल चार पदक अपने नाम किए। देशभर के विभिन्न राज्यों और संस्थाओं के करीब पैंतीस सौ खिलाड़ियों की भागीदारी के बीच बिहार के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का लोहा मनवाया।
महानिदेशक ने जताई प्रसन्नता
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार पदक जीतना खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि बिहार में विकसित हो रही खेल संस्कृति को भी दर्शाती है। इससे राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता में नवादा के आरूष आरिदमान ने अड़तीस से इकतालीस किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर बिहार को गौरवान्वित किया। वहीं, लखीसराय की अमिषा पटेल ने पैंतीस से अड़तीस किलोग्राम, शेखपुरा के हिमांशु कुमार ने अड़तालीस से इक्यावन किलोग्राम और औरंगाबाद के कुमार शिवम प्रजापति ने उनसठ से तरेसठ किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
प्रशिक्षकों और प्रबंधन की अहम भूमिका
खिलाड़ियों की इस सफलता में प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन की भी अहम भूमिका रही। प्रतियोगिता में बालक दल के प्रशिक्षक अमरेन्द्र कुमार, बालिका दल की प्रशिक्षिका खुशबू कुमारी तथा टीम प्रबंधक मुन्ना कुमार शामिल थे, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।







