खूंटी: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को खूंटी में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से शुरू हुई इस दौड़ में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के जरिए लोगों को एकता, भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
मैराथन की शुरुआत उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर की। इसमें पुरुषों के लिए 5 किलोमीटर और महिलाओं व बच्चों के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। उपायुक्त, एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
अमन शमद और संगीता मरांडी रहे प्रथम
पुरुष वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ में अमन शमद ने पहला स्थान हासिल किया। मोहन होरो दूसरे और तरुण कच्छप तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, महिला वर्ग की 2.5 किलोमीटर दौड़ में संगीता मरांडी ने पहला स्थान प्राप्त किया। मरियम भेंगरा दूसरे और पेरोनिका सोरेन तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्वस्थ रहने के लिए खेल जरूरी: उपायुक्त
इस मौके पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में खेल और व्यायाम को शामिल करना चाहिए। रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने नशे के नुकसान के बारे में भी लोगों को बताया। उपायुक्त ने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। उन्होंने सभी से खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
युवाओं को खेल के लिए बेहतर अवसर देने पर जोर
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। इससे युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि खूंटी में खेल की काफी संभावनाएं हैं और यहां के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही अवसर और मंच देने की।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, प्रतिभागियों और नागरिकों को ‘से नो टू ड्रग्स’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।






