गिरिडीह: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस मार्च में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मार्च के जरिए लोगों को देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
बाबूलाल मरांडी ने याद किया सरदार पटेल का योगदान
कार्यक्रम के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान रहा है। ऐसे महापुरुषों को हमेशा उचित सम्मान मिलना चाहिए।
वहीं, भाजपा नेता और वार्ड पार्षद संजीव कुमार सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई। उनके जीवन और विचारों से हर नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए।
550 से अधिक रियासतों का कराया था एकीकरण
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल को देश की 550 से अधिक रियासतों के एकीकरण में अहम भूमिका निभाने के कारण लौह पुरुष कहा जाता है। उनकी जयंती हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।






