Motihari: पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई बेहद तेज कर दी है। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से वांछित और फरार चल रहे 125 आरोपियों पर कुल 6 लाख 54 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन सभी अपराधियों पर लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, शराब तस्करी, एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, बलात्कार, रंगदारी और अन्य कई गंभीर मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं।
अपराध के हिसाब से ब्योरा और घोषित इनाम
पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जारी इस सूची में सभी 125 वांछित अपराधियों के नाम, उनके आपराधिक इतिहास, संबंधित थाने में दर्ज कांड संख्या, कांड की तिथि और उन पर घोषित इनाम की राशि का पूरा ब्योरा दिया गया है। इन अपराधियों पर दो हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक का इनाम रखा गया है।
जारी आंकड़ों के मुताबिक, इनमें सबसे ज्यादा 32 आरोपी शराब से जुड़े मामलों के हैं। इसके अलावा हत्या के 19, आर्म्स एक्ट के 15 और लूट के 14 आरोपी शामिल हैं। सूची में एनडीपीएस एक्ट के 10, हत्या के प्रयास के 6, अपहरण के 5, विस्फोटक पदार्थ से जुड़े 4, बलात्कार के 4 और दहेज हत्या के 4 आरोपी भी शामिल हैं। साथ ही डकैती, चोरी, सरकारी राशि के गबन, गृहभेदन, खाद तस्करी, न्यायिक हिरासत से फरार होने, रंगदारी और उन्माद फैलाने वाले अन्य आरोपी भी सूची का हिस्सा हैं।
सात दिन का अल्टीमेटम और पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने सभी वांछित आरोपियों को चेतावनी देते हुए सात दिनों के भीतर संबंधित न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का समय दिया है। यदि निर्धारित अवधि के भीतर ये अपराधी सरेंडर नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती और अन्य सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खात्मे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि इन अपराधियों के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सटीक जानकारी देने पर इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।






