फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

दीपावली-छठ से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मिठाई दुकानों से लिए गए 6 सैंपल

दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। शनिवार को शहर की कई मिठाई दुकानों, कारखानों और गोदामों में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 45 किलो संदिग्ध और मिलावटी मिठाइयों को मौके पर ही

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

कटिहार: दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। शनिवार को शहर की कई मिठाई दुकानों, कारखानों और गोदामों में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 45 किलो संदिग्ध और मिलावटी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, छह प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर सदर एसडीओ सूरज कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और स्थानीय पुलिस के जवान भी शामिल थे।

कई दुकानों में मिली गड़बड़ी

प्रशासन की टीम ने शहीद चौक, एमजी रोड, बाटा चौक, हाट रोड और मिरचाईबाड़ी इलाके में मिठाई दुकानों और गोदामों की जांच की।

जांच के दौरान कई दुकानों में खुले में रखी बासी मिठाइयां और बिना निर्माण तिथि व एक्सपायरी डेट वाले पैकेट मिले। नियमों का पालन नहीं करने पर दो दुकानों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें लाइसेंस दिखाने और साफ-सफाई में सुधार करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है।

छह तरह की मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे

अभियान के दौरान खोवा, पनीर, बर्फी, गुलाब जामुन और रंगीन मिठाइयों के कुल छह नमूने लिए गए। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

मिलावट करने वालों पर होगी कार्रवाई

सदर एसडीओ सूरज कुमार ने मिठाई दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों को ग्राहकों को पक्का बिल देने और खाद्य सामग्री ढककर रखने की हिदायत भी दी गई।

वहीं, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री होती है, तो इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष या खाद्य सुरक्षा कार्यालय को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली और छठ तक यह छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram