वैशाली : बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग नाव से मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर नदी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुई। नाव पर करीब 15 से 20 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में यह संख्या 20 से 25 बताई गई है। नाव पर कुल कितने लोग मौजूद थे, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुट गई।
मृतकों के परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता
हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
वहीं, बिहार सरकार ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये देने का ऐलान किया है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है।
तेजस्वी यादव और चिराग पासवान ने जताया दुख
राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। साथ ही पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए राघोपुर जाने की बात कही है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी घटना को दुखद बताया है। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने बुधवार को राघोपुर जाकर मृतकों के परिजनों से मिलने की बात कही है।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।



