पलामू: पलामू जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने झारखंड और बिहार में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पिछले करीब तीन वर्षों से अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचते थे।
वाहन जांच के दौरान मिला सुराग
हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी।
इसी दौरान 12 अक्टूबर की रात बराही धाम जाने वाले रास्ते पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ा। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दंगवार स्कूल मैदान में छापेमारी कर दो अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार युवकों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र निवासी ऋषु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हुसैनाबाद, अंबा, टंडवा, नवीनगर, कुटुंबा और औरंगाबाद समेत कई इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेच देते थे।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और दो स्मार्टफोन जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और बाइक चोरी की दूसरी घटनाओं की जांच में जुटी है।




