Patna: राजधानी पटना स्थित पुराना सचिवालय के सभागार में सोमवार को ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जल-जीवन-हरियाली अभियान और जीविका जैसी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मंत्री ने ऐलान किया कि राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर ग्रामीण मार्ट और इंपोरियम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
बोधगया में इंपोरियम निर्माण में लाएं तेजी
मंत्री श्रवण कुमार ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बोधगया में इंपोरियम के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि वहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटक जीविका दीदियों द्वारा तैयार गुणवत्तायुक्त उत्पादों से रूबरू हो सकें। इससे स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों और ग्रामीण उत्पादों को एक बड़ा वैश्विक बाजार मिल सकेगा। इसके साथ ही अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर भी ऐसे हाट-बाजारों और इंपोरियम का निर्माण कराने के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
आवास प्लस 2.0 सर्वे और बकरी पालन का दायरा बढ़ाने पर जोर
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की सर्वे सूची की विशेष जांच कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि पात्रता रखने वाले लोग किसी कारणवश छूट गए हैं, तो प्रखंड स्तर पर जांच करवाकर उन्हें तुरंत सूची में जोड़ा जाए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बकरी पालन योजना का दायरा बढ़ाने और प्रखंड स्तर पर सुधा बिक्री केंद्र बनवाकर उनका संचालन जीविका दीदियों के हाथों में सौंपने के निर्देश दिए गए।
नाबार्ड का सहयोग और दीदी-किचन का विस्तार
नाबार्ड के अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में यह तय हुआ कि ग्रामीण क्षेत्रों में मार्केटिंग लिंकेज, बकरी पालन और ग्रामीण हाट निर्माण में नाबार्ड पूरा सहयोग देगा। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि इस वर्ष 12 से 28 दिसंबर तक गांधी मैदान में विशाल सरस मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 800 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इस बैठक में अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह और जीविका की अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्या सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




