नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में आज सोमवार को INDIA गठबंधन के नेता ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। विपक्षी दलों के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए देशभर से गठबंधन के नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की जानकारी दी है। इनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इससे यात्रियों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने विपक्षी सांसदों का आवेदन किया खारिज
इस बीच, जानकारी के मुताबिक मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने INDIA गठबंधन के सांसदों के आवेदन को स्वीकार नहीं किया है। बताया जा रहा है कि विपक्ष जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। इसी कारण आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।
कांग्रेस ने लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की
आवेदन स्वीकार नहीं होने के बावजूद कांग्रेस ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। विपक्ष ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर अपनी आवाज उठाना चाहता है। वहीं, दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।




