अमृतसर: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास रविवार रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट के पास आसमान में दो से तीन ड्रोन उड़ते देखे गए। सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए विमानों की आवाजाही रोक दी गई। इसके कारण अमृतसर आने वाली तीन फ्लाइटों को दिल्ली और चंडीगढ़ भेजना पड़ा। उड़ानें प्रभावित होने से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ड्रोन दिखते ही रोक दी गईं उड़ानें
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर तैनात CISF के जवानों ने रविवार रात करीब 9:30 बजे संदिग्ध ड्रोन देखे। इसके बाद तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति का जायजा लिया और एहतियात के तौर पर उड़ानों का संचालन रोक दिया। रात करीब 10:30 बजे के बाद एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य होने लगी।
दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट की गईं तीन फ्लाइटें
ड्रोन गतिविधि के कारण तीन उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ भेजा गया। वहीं, कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH-118 को दिल्ली डायवर्ट किया गया।
अचानक फ्लाइटों का रूट बदलने से कई यात्रियों को परेशानी हुई। कुछ यात्रियों ने उड़ानों की जानकारी नहीं मिलने पर नाराजगी भी जताई।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना
अमृतसर एयरपोर्ट के पास संदिग्ध ड्रोन दिखने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 6 सितंबर की रात भी एयरपोर्ट के रनवे और आसपास के इलाके में ड्रोन देखे गए थे। उस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक उड़ानों का संचालन बंद रहा था और सात फ्लाइटों को दूसरे एयरपोर्ट पर भेजना पड़ा था।
मामले की जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां
फिलहाल ड्रोन उड़ाने वाले लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी पता नहीं चल पाया है कि ड्रोन किस मकसद से उड़ाए जा रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।




